रायगढ़ : कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री ‘सहकार से समृद्धि’ योजना के तहत कार्य योजना की समीक्षा के लिए जिला सहकारी विकास समिति (डीसीडीसी) की बैठक आयोजित की। इस बैठक में योजनानुसार गोदाम निर्माण, प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र और अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर कलेक्टर रवि राही और अपूर्व प्रियेश टोप्पो के साथ उप आयुक्त सहकारिता श्री सी.एस. जायसवाल ने जिले में विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के तहत गोदाम निर्माण के लिए अतिरिक्त उपयुक्त पैक्स की पहचान पर जानकारी दी। बताया गया कि रायगढ़ और पुसौर के 3-3 समितियों का चयन किया गया है।
कलेक्टर गोयल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मापदंडों के अनुसार अधिक से अधिक समितियों को शामिल किया जाए ताकि जिले को इस योजना के लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों की संख्या अधिक होनी चाहिए ताकि जिले को बेहतर लाभ मिल सके।
जायसवाल ने अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अंतर्गत सहकारी गतिविधियों को सुधारने के लिए आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसमें नए समिति गठन, प्रशिक्षण, पंजीकरण, नए सदस्य बनाना, डिजिटल सेवाओं की जागरूकता, कृषि संबंधित शिविर और बेहतर कार्य करने वाली समितियों को सम्मानित करने के कार्यक्रम शामिल हैं।
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सहयोगी दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया ताकि गतिविधियों का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र के कार्यों की समीक्षा करते हुए दवाओं की क्रय और विक्रय पर भी चर्चा की।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महेश पटेल, मत्स्य पालन विभाग के श्री एम.के. पाटले और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

