बिलासपुर. शहर में आलू व प्याज की जमाखोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। खाद्य विभाग ने थोक व्यापारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए। खाद्य अधिकारियों ने तिफरा बाजार में निरीक्षण भी किया। हालांकि वहां गड़बड़ी नहीं मिली फिर भी व्यापारियों को समझाइश दी गई। शहर में आलू व प्याज की बढ़ी हुई कीमत से सभी वर्ग के लोग परेशान है। प्रशासन भी बढ़ी हुई कीमतों को लेकर गंभीर है। खाद्य विभाग ने शहर के थोक व्यापारियों की इस संबंध में सोमवार को बैठक ली। थोक व चिल्हर व्यापारियों को दुकानों के सामने स्टॉक व मूल्य सूची प्रदर्शित करने को कहा गया। जमाखोरी या अधिक कीमत में बेचे जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 जारी किया गया जिसमें किसी तरह की समस्या आने पर वे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। खाद्य विभाग ने बाजार में आलू-प्याज की कीमतों की मॉनिटरिंग के लिए शहर व ग्रामीण दोनों ही क्षेत्र में अपना अमला लगा दिया है। शहर में सहायक खाद्य अधिकारी के साथ पांच खाद्य निरीक्षक लगाए गए हैं। इसी तरह ग्रामीण इलाके में भी खाद्य निरीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है।

