कोरबा. सिंचाई के लिए दायीं व बायीं तट नहर से 4 महीने तक पानी छोड़ने के बाद अब गेट बंद कर दिए गए हैं। रबी फसल के लिए जनवरी में फिर से पानी दिया जाएगा। हसदेव बांगो बांध में अभी 85.56 प्रतिशत पानी का भराव है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले साल के लिए भी पानी की कमी नहीं होगी। जिले में इस साल अच्छी बारिश हुई है। साथ ही हसदेव बांगो बांध के ऊपरी हिस्से में बारिश होने से बांगो बांध के गेट 20 दिनों तक खोलकर नदी में पानी छोड़ना पड़ा। साथ ही खंड बारिश की वजह से सिंचाई के लिए नहरों से लगातार पानी दिया गया। बांध से ढाई लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती है। 4 महीने सिंचाई के लिए पानी देने के बाद भी बांध में पर्याप्त पानी है। पिछले साल भी अच्छी बारिश होने के कारण बांध में इस समय तक 86 प्रतिशत का भराव था, लेकिन अधिक दिनों तक गेट खोलने की नौबत नहीं आई थी।
अभी पावर प्लांटों के लिए छोड़ रहे पानी:एसडीओ
हसदेव दर्री बराज के एसडीओ एसएन साय ने बताया कि सिंचाई के लिए पानी बंद कर दिया गया है। एनटीपीसी, सीपत समेत पावर प्लांटों को पानी देने हाइडल प्लांट के माध्यम से पानी छोड़ा जा रहा है। अभी हाइडल 4 घंटे चल रहे हैं, जिसे कुछ दिनों में बंद कर दिया जाएगा।

