कोरबा. एसईसीएल के ढेलवाडीह व बगदेवा काॅलोनी में कोरोना संक्रमण को देखते हुए एक सप्ताह पहले प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। कंटेनमेंट जोन में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसलिए ढेलवाडीह काॅलोनी के मुख्य अाैर अन्य गेटों को बंद करते मुख्य गेट पर एसईसीएल के सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शनिवार की शाम ढेलवाडीह काॅलोनी के मुख्य गेट पर शाम 4 बजे नवीन कुमार अपने बेटे लखेस के साथ वहां पहुंचा, जहां काॅलोनी के भीतर जाने वे गेट खुलवाने लगे। यहां तैनात सुरक्षा कर्मी रामनारायण ने कंटेनमेंट जोन घोषित बताते हुए बिना अनुमति प्रवेश देने से इनकार कर दिया। तब नवीन और लखेस ने गेट को जबरन खोलते हुए सुरक्षा कर्मी से गाली-गलौज अाैर मारपीट की। पास मौजूद गार्ड खेमलाल अाैर जनरल मजदूर संजय कुमार ने बीच-बचाव करते हुए उसे छुड़ाया। इसके बाद पिता-पुत्र काॅलोनी में घुस गए। मामले की रिपोर्ट पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

