कोरबा. बिजली उत्पादन कंपनी के हसदेव थर्मल पावर प्लांट (एचटीपीपी) में 210 मेगावाट की 4 नंबर इकाई को वार्षिक रख-रखाव के बंद किया गया है। प्लांट में अभी 210 -210 मेगावाट की 3 इकाइयों से बिजली उत्पादन हो रहा है। 500 मेगावाट की विस्तार यूनिट भी चालू है। वर्तमान में प्लांट में 1020 मेगावाट की लोड तक बिजली उत्पादन किया जा रहा है। वहीं मड़वा प्लांट में 500 मेगावाट की दूसरी यूनिट में मेजर टेक्निकल फाल्ट के कारण बीते करीब 2 सप्ताह से बिजली नहीं बन रही है। इधर मौसम में बदलाव दिखने लगा है। शाम होते ही ठंडक का एहसास हो रहा है। इसका असर बिजली की मांग पर भी पड़ रहा है। अभी ठंड ज्यादा नहीं है, इसके बाद भी करीब 50 से 100 मेगावाट तक मांग में अंतर आया है। वर्तमान में कोरबा पूर्व में 140 मेगावाट, एचटीपीपी में 1020 मेगावाट, डीएसपीएम में 390 मेगावाट और मड़वा प्लांट में 340 मेगा वाट की लोड पर बिजली का उत्पादन हो रहा है। सेंट्रल सेक्टर से 1300 मेगावाट तक बिजली ड्राल की जा रही है। बिजली की कमी नहीं है। सोमवार को पीक ऑवर में बिजली की मांग 3300 मेगावाट तक रही।

