बिलासपुर: हाल ही में आयोजित दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक में राज्यसभा सांसद कुमार देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि के रूप में परितोष शुक्ला ने भाग लिया। बैठक में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क सुधार को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में BSNL के महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि लैलूंगा के बरंटागर में जल्द ही एक नया 4G मोबाइल टॉवर शुरू किया जाएगा। इस टॉवर के शुरू होने से गंजपुर और आसपास के इलाकों को बेहतर नेटवर्क कवरेज मिलेगा। इसके साथ ही, पहले बंद किया गया आमापली टॉवर भी जल्द पुनः चालू किया जाएगा तथा सलखिया टॉवर को भी तकनीकी रूप से उन्नत किया जाएगा।
बैठक में प्रधानमंत्री जन मन योजना के अंतर्गत आदिवासी बहुल पंचायतों में किए जा रहे सर्वेक्षण पर भी चर्चा हुई। परितोष शुक्ला ने बताया कि यह कार्य राज्यसभा सांसद कुमार देवेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में चल रहा है और इसका उद्देश्य लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के पिछड़े इलाकों में डिजिटल और दूरसंचार विकास को गति देना है।
महाप्रबंधक ने बताया कि आने वाले दिनों में तमनार, राजपुर, मुकड़ेगा, रोडोपली और संबलपुरी मंडल सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी टॉवर स्थापना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे इन इलाकों के हजारों ग्रामीणों को दूरसंचार सेवाओं का लाभ मिलेगा।
बैठक के अंत में परितोष शुक्ला ने कहा कि सांसद जी के नेतृत्व में रायगढ़ जिले के पिछड़े इलाकों को जोड़ने के लिए यह पहल दूरगामी साबित होगी और डिजिटल इंडिया मिशन को मजबूत करेगी।


