कोरबा: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हाल में हुए आतंकी हमले के विरोध में दीपका गेवरा में हिंदू संगठनों ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने निर्दोष नागरिकों पर हुए हमलों की आलोचना की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया में नगर पालिका दीपका के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कानूनों और संसाधनों की जरूरत पर जोर दिया।
ज्ञापन को दीपका तहसीलदार अमित किरकट्टा को सौंपा गया, जिसमें संगठन ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि देश में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उधर, गेवरा में मुस्लिम समाज ने भी पहलगाम में हुई आतंकी घटना के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथ में तख्तियां और काली पट्टी बांधकर इस हमले की निंदा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी घटनाएं देश की एकता को तोड़ने की एक साजिश हैं। मुस्लिम समाज के सदस्यों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की आतंकवादी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने विशेष रूप से मौत की सजा की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे खतरनाक हमले न हों।
इस घटना ने विभिन्न समुदायों को एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ एक स्वर में खड़े होने का संदेश दिया है, और सभी ने मिलकर शांति और सुरक्षा की आवश्यकता को समान रूप से माना। दोनों ही समुदायों के इस सामूहिक प्रयास से यह साफ है कि सभी लोग एकता और शांति के पक्षधर हैं और ऐसे दुखद घटनाओं का सामना मिलकर करना चाहते हैं।

