छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा खरोरा-बलौदा बाजार रोड स्थित सारागांव के पास हुआ, जब एक छोटा ट्रक (माजदा वाहन), जिसमें लोग बच्चों के जन्मोत्सव कार्यक्रम से लौट रहे थे, तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गया।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई शव सड़क पर बिखर गए। मृतकों में 9 महिलाएं, 2 बच्चियां, एक बच्चा और 6 माह की एक शिशु शामिल हैं। मृतकों की पहचान एकलव्य साहू, भूमि साहू, उमंग साहू, गीता साहू, प्रभा साहू, नंदनी साहू, टिकेश्वरी साहू, कृति साहू, कुंती साहू, महिमा साहू, वर्षा साहू और राजबती साहू के रूप में हुई है।
घायलों को तुरंत खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रायपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायलों में बीरझर साहू, पुष्पा साहू, हर्षित साहू, अनुराधा साहू और अन्य शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
इस भीषण दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


