सरगुजा, 12 मई 2025 – छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। डुमरिया, सूरजपुर निवासी एक 11 वर्षीय बच्ची अपने परिजनों के साथ रामगढ़ दर्शन के लिए आई थी। इसी दौरान एक अप्रत्याशित घटना में वह पहाड़ी से लगभग 200 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे के बाद बच्ची को गंभीर हालत में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उदयपुर में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता और परिजनों के साथ रामगढ़ की पहाड़ी पर घूमने आई थी। इसी दौरान वहां मौजूद बंदरों ने डराया, जिससे बच्ची घबरा गई और दौड़ने लगी। भागते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर खाई में जा गिरी। घटनास्थल पर मौजूद अन्य पर्यटकों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और रामगढ़ सेवा समिति को दी।
सूचना मिलते ही सेवा समिति की रेस्क्यू टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। लगभग 200 फीट गहराई तक उतरकर रेस्क्यू टीम ने घायल बच्ची को निकाला। बच्ची के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं लेकिन उसे समय रहते उपचार मिल गया, जिससे उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अम्बिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिर अस्पताल जाकर घायल बच्ची का हालचाल जाना। विधायक ने चिकित्सकों से उपचार की पूरी जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
विधायक अग्रवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें रामगढ़ जैसे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजामों को और मजबूत करने की आवश्यकता है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द ही इस क्षेत्र में सुरक्षा जाल और संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।”
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और पर्यटकों को भी सतर्क कर दिया है। रामगढ़ पहाड़ी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों और पर्यटकों से अपील की जा रही है कि वे प्राकृतिक स्थलों पर भ्रमण के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें, खासकर बच्चों के साथ यात्रा करते समय।


