रायपुर, 13 मई 2025 — छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए फीस वापसी को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी है। यह नियम आगामी लोक निर्माण विभाग (PWD) की उप अभियंता भर्ती परीक्षा से प्रभावी होंगे, जिसमें कुल 113 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस व्यवस्था को लेकर व्यापम ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं ताकि किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।
व्यापम के अनुसार, अब से परीक्षा के लिए आवेदन करते समय केवल ऑनलाइन भुगतान की सुविधा दी जाएगी। खास बात यह है कि फीस की वापसी उसी बैंक खाते में की जाएगी जिससे भुगतान हुआ हो। ऐसे में यदि कोई अभ्यर्थी साइबर कैफे से फॉर्म भरते समय कैफे संचालक के खाते से भुगतान करता है, तो फीस की राशि उसी संचालक के खाते में लौटेगी। इससे अभ्यर्थी को नुकसान हो सकता है, इसलिए व्यापम ने ऐसे छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि केवल छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों को ही फीस वापसी का लाभ मिलेगा। अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने या नहीं होने की स्थिति में भी फीस का भुगतान करना होगा, लेकिन उन्हें यह राशि वापस नहीं की जाएगी।
फीस वापसी उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगी जो परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा से अनुपस्थित रहने पर शुल्क नहीं लौटाया जाएगा। यह नियम व्यापम और पीएससी द्वारा आयोजित सभी प्रवेश एवं भर्ती परीक्षाओं पर समान रूप से लागू होंगे।
इस भर्ती परीक्षा के तहत उप अभियंता (सिविल) के 96 और विद्युत व यांत्रिकी के 17 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 9 मई से शुरू हो चुकी है और 2 जून 2025 तक चलेगी। परीक्षा का आयोजन 13 जुलाई 2025 को किया जाएगा।
फीस की राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सामान्य वर्ग के लिए 350 रुपए, ओबीसी के लिए 250 रुपए तथा एससी/एसटी वर्ग के लिए 200 रुपए निर्धारित हैं। व्यापम ने भुगतान के लिए दो पेमेंट गेटवे भी उपलब्ध कराए हैं।


