रायपुर और दुर्ग के बीच यातायात का मुख्य मार्ग माने जाने वाले कुम्हारी अवर ब्रिज में 19 मई 2025 से मरम्मत कार्य शुरू होने जा रहा है। इस कारण एक महीने तक ब्रिज का एक साइड बंद रहेगा और केवल एक ओर से ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। इस निर्णय से दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ब्रिज की मरम्मत के दौरान सस्पेंशन ज्वाइंट बदलने, दोनों तरफ के बेयरिंग को रिप्लेस करने और वाल को पूरी तरह से डिसमेंटल कर नया वाल लगाने का कार्य किया जाएगा। यह पूरा कार्य लगभग एक माह तक चलेगा। ब्रिज निर्माण एजेंसी की मांग थी कि पूरे ब्रिज को एक साथ बंद किया जाए, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। ब्रिज पूरी तरह से बंद होने पर वाहनों का दबाव दूसरी साइड पर असहनीय हो जाता, जिससे ट्रैफिक नियंत्रण करना मुश्किल हो जाता। इसलिए यह निर्णय लिया गया कि एक साइड की मरम्मत पहले की जाएगी और उसके बाद दूसरी साइड की।
इस ब्रिज से रोजाना लगभग 60 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं, जिनमें से करीब 30 हजार वाहन दुर्ग से रायपुर की ओर आते हैं। मरम्मत कार्य के कारण इन्हीं वाहनों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि रायपुर से दुर्ग जाने वाले वाहन चालकों पर इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।
रात के समय ब्रिज को वन-वे कर दिया जाएगा ताकि मरम्मत कार्य में तेजी लाई जा सके। दिन में दोनों दिशाओं से सीमित संख्या में वाहन गुजर सकेंगे, लेकिन रात 11 बजे के बाद एक बार में केवल एक दिशा से वाहनों को पार कराया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। छोटे वाहन चालक अमलेश्वर के रास्ते रायपुर जा सकते हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर दबाव थोड़ा कम हो सके।
पुराने ब्रिज की जर्जर स्थिति के चलते यह मरम्मत कार्य अत्यंत आवश्यक हो गया था। प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील की है ताकि मरम्मत कार्य समय पर और सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके। ट्रैफिक विभाग ने कहा है कि मार्ग पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।


