छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है, जिसमें एक युवक ने पांच बच्चों की मां से प्रेमजाल फैलाकर धोखा दिया। आरोपी युवक ने महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए, फिर उसके मन में शादी का विश्वास जगा दिया। महिला ने अपनी शादीशुदा जिंदगी के दौरान हुए दुख-दर्द बताने पर भी आरोपी ने उसके साथ धोखाधड़ी की।
पीड़िता का कहना है कि उसकी शादी वर्ष 2000 में हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। वर्ष 2012 में पारिवारिक विवाद के चलते उनका तलाक हो गया, जिसके बाद वह अपने बच्चों के साथ अलग रह रही थी। 14 सितंबर 2021 को वह अपने गांव के पास एक अन्य गांव गई थी, तभी वहां का युवक अनूप एक्का उससे मिला। उसने महिला को प्रेम प्रस्ताव दिया और शादी का भरोसा दिलाया। महिला ने उसकी स्थिति स्पष्ट कर दी, लेकिन आरोपी ने उसे विश्वास दिलाया कि वह उससे ही शादी करेगा।
रात को युवक उसके घर पहुंचा और जबरन संबंध बनाए। इसके बाद उसने महिला की मांग में सिंदूर भरकर शादी का झांसा दिया। आरोपी ने लगातार 17 अप्रैल 2025 तक उसके साथ शारीरिक शोषण किया। जब भी महिला शादी की बात करती, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। कुछ दिनों बाद, महिला को पता चला कि आरोपी ने गुपचुप तरीके से किसी अन्य युवती से शादी कर ली है। जब उसने आरोपित से पूछा, तो उसने साफ कहा कि अब वह उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहता।
पीड़िता ने इस धोखाधड़ी की शिकायत फरसाबहार थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनूप एक्का (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत और उनकी टीम ने तत्परता से कार्रवाई की।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में महिलाओं से जुड़े अपराधों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सजग है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला समाज में महिलाओं के प्रति होने वाले धोखाधड़ी और विश्वासघात की खतरनाक तस्वीर प्रस्तुत करता है, जिसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।

