छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार रात एक और हिट एंड रन की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेलीबांधा चौक पर ड्यूटी में तैनात दो ट्रैफिक जवानों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। यह घटना रात 9 से 9:30 बजे के बीच की है, जब ट्रैफिक जवान सड़क पर ट्रैफिक नियंत्रण में जुटे हुए थे।
घटना के समय केशव क्षत्रिय और रज्जब खां नामक दोनों ट्रैफिक सिपाही तेलीबांधा थाने के सामने तैनात थे। तभी टाटीबंध की ओर से आ रही एक महाराष्ट्र पासिंग पिकअप वाहन ने सिग्नल तोड़ा और तेज रफ्तार में जवानों की ओर बढ़ गई। जवानों ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने वाहन को सीधे उनकी दिशा में मोड़ दिया और उन्हें रौंदते हुए महासमुंद रोड की ओर फरार हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में सिपाही रज्जब खां का हाथ और केशव क्षत्रिय का पैर टूट गया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायलों को रामकृष्ण अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखा जाएगा।

इतना ही नहीं, पिकअप ने ट्रैफिक जवानों को टक्कर मारने के बाद कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। यह साफ तौर पर चालक की लापरवाही और आपराधिक मनोवृत्ति को दर्शाता है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक जानबूझकर वाहन तेज रफ्तार में लेकर आया और रुकने का कोई प्रयास नहीं किया।
पुलिस ने पिकअप वाहन का नंबर ट्रेस कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और विभिन्न चेकपोस्टों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।


