रायपुर, 13 जून 2025 — छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की तैयारी में है। पहले बस्तर संभाग में तय समय से पहले मानसून की दस्तक ने प्रदेशभर में दो दिनों तक अच्छी बारिश दी थी। लेकिन इसके बाद बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। अब मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले 48 घंटों में फिर से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की उत्तर खाड़ी में 14 जून के आसपास एक नया मानसूनी सिस्टम बनने जा रहा है, जिससे प्रदेश में फिर से नमी बढ़ेगी और बारिश के लिए अनुकूल माहौल बनेगा। इससे न केवल बस्तर में बल्कि प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में भी मानसून के विस्तार की संभावना जताई जा रही है।
आगामी दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी। बस्तर के कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने एहतियात के तौर पर प्रदेश के 15 जिलों में यलो अलर्ट और बस्तर संभाग के चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इस मानसूनी सक्रियता से जहां एक ओर तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, वहीं किसानों को भी राहत मिल सकती है, जो बारिश की प्रतीक्षा में खेती की तैयारी कर रहे हैं।

