अहमदाबाद, 13 जून 2025 — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हुए एअर इंडिया विमान हादसे की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। यह हादसा अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में हुआ, जहां विमान एक हॉस्टल की इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 266 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें 241 लोग विमान में सवार थे, जबकि बाकी लोग घटनास्थल पर मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले सिविल अस्पताल में भर्ती कराए गए एकमात्र जीवित यात्री से मुलाकात की। उन्होंने उसकी हालत की जानकारी ली और डॉक्टरों से उसके इलाज की स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। पीएम मोदी ने पीड़ितों के परिजनों से भी मुलाकात कर संवेदना जताई और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री के साथ नागरिक उड्डयन मंत्री रामनोहन नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को रेस्क्यू ऑपरेशन, राहत कार्य और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट की जानकारी दी।
मोदी ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्रैश साइट का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और NDRF की टीमों को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया। पीएम ने मौके पर कहा, “यह देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाएंगे।”
प्रधानमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हादसे की उच्चस्तरीय जांच की जाएगी और अगर किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई होगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) इस घटना की जांच कर रहे हैं और ब्लैक बॉक्स की जांच से स्थिति और स्पष्ट होगी।


