छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। बीती रात पेंड्रा थाना क्षेत्र के दुबटिया-मझगवां मुख्य मार्ग पर सेवरा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवती सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसा उस समय हुआ जब दो अलग-अलग बाइकों पर सवार लोग धनपुर से अपने घरों की ओर लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक, मरवाही निवासी स्नेहिल गुप्ता शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहा था। पहले उसने पल्सर बाइक पर सवार गंगाराम उर्फ सागर और उसकी गर्लफ्रेंड सोनू केवट को टक्कर मारी। गंगाराम का उसी दिन जन्मदिन भी था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोनू को जिला अस्पताल लाया गया। वहां से बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
इसके बाद उसी कार ने बरघाट गांव के रहने वाले भूपेंद्र मराबी और रामावतार सिंह को भी जोरदार टक्कर मार दी। ये दोनों महोरा गांव में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए। चश्मदीदों के अनुसार, दोनों बाइकें कार की टक्कर से क्रमशः 20 और 50 मीटर दूर जाकर गिरीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। स्नेहिल गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांवों में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि नशे में गाड़ी चलाने जैसे गंभीर अपराधों पर रोक लगाई जा सके। यह घटना एक बार फिर से यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर सड़कों पर लोगों की जान इतनी सस्ती क्यों है?


