रायगढ़ शहर में बिना अनुमति संचालित हो रहे ब्यूटी पार्लर, स्पा सेंटर और जिम के खिलाफ महिला समन्वय रायगढ़ और हिंदू जागरण मंच ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संगठनों ने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि इन अवैध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया, तो आने वाले समय में यह सामाजिक और सुरक्षा संबंधी बड़ी समस्या का रूप ले सकती है।
महिला संगठनों ने अपनी शिकायत में कहा है कि शहर के कई ब्यूटी पार्लरों और मसाज सेंटर्स में बिना किसी स्पष्ट व्यवस्था के पुरुष कर्मियों द्वारा महिलाओं को सेवाएं दी जा रही हैं। इससे न केवल महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि उनकी सुरक्षा को भी खतरा उत्पन्न हो रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई केंद्रों में महिला कर्मियों की अनुपस्थिति के बावजूद पुरुष स्टाफ द्वारा महिलाओं को मसाज या सौंदर्य सेवाएं दी जा रही हैं, जो अशोभनीय और असुरक्षित है।
इसके अलावा, कुछ जिम में बिना किसी चिकित्सकीय निगरानी या प्रमाणन के प्रोटीन पाउडर और अन्य दवाएं बेची जा रही हैं। वहां फर्स्ट एड या सीपीआर जैसी बुनियादी चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रशिक्षित स्टाफ भी नहीं है। न तो इन केंद्रों के पास नगर निगम से लाइसेंस है, न पंजीयन दस्तावेज, और न ही जीएसटी नंबर। खाद्य सुरक्षा के नाम पर भी गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। जिम और उससे जुड़ी कैफेटेरिया में घटिया गुणवत्ता का खाद्य पदार्थ बेचा जा रहा है, जिसकी कोई निगरानी नहीं हो रही।
ज्ञापन में महिला समन्वय रायगढ़ की स्नेहा तिवारी, सुजाता साहू और किरण चौहान तथा हिंदू जागरण मंच के सुरेन्द्र पाल और सुनील शर्मा के हस्ताक्षर हैं। इन्होंने मांग की है कि प्रशासन तुरंत इन अवैध केंद्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करे। साथ ही, बाहर से आकर इन केंद्रों में कार्यरत संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाए, ताकि सामाजिक मर्यादा और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

