कोरबा. कोरबा जिले से एक गंभीर और शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के एसपी कार्यालय के सामने स्थित एक नामी होटल में ठहरी महिला डॉक्टर के साथ एक होटल कर्मचारी ने दुष्कर्म की कोशिश की। घटना देर रात लगभग 2 बजे की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सफाईकर्मी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए सक्ती जिले से चार डॉक्टर आए हुए थे, जो टॉप इन टाउन होटल में ठहरे हुए थे। इनमें से दो महिला डॉक्टर ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद अपने घर लौट चुकी थीं, जबकि दो अन्य डॉक्टर होटल में अलग-अलग कमरों में ठहरी थीं।
रात करीब 2 बजे होटल का सफाईकर्मी राजा खड़िया, जो 35 वर्ष का बताया जा रहा है, एक महिला डॉक्टर के कमरे की खिड़की से अंदर घुस गया। डॉक्टर के अनुसार, आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब महिला डॉक्टर ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे चाकू से जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आरोपी घबरा गया और मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की पहचान होटल के सफाईकर्मी राजा खड़िया के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। वहीं, होटल प्रबंधन की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं कि बिना सुरक्षा जांच के कोई कर्मचारी रात में कैसे अतिथियों के कमरों तक पहुंच सकता है।
यह घटना महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंताओं को जन्म देती है। चिकित्सकीय सेवाओं में लगी महिला डॉक्टर के साथ इस प्रकार की वारदात निंदनीय है। पुलिस प्रशासन से लेकर होटल प्रबंधन तक सभी को जिम्मेदारी निभाते हुए सख्त कार्रवाई करनी होगी ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।


