कोरबा (छत्तीसगढ़) – एसईसीएल (SECL) की गेवरा खदान में बुधवार तड़के एक गंभीर हादसा हुआ, जिसमें 25 वर्षीय हेल्पर राजन राणा की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 3 बजे उस समय हुआ, जब ड्रिल मशीन के चालक ने लापरवाही से वाहन को रिवर्स किया और पीछे खड़े राजन को कुचल दिया। इस घटना से पूरे खदान क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है।
राजन राणा नेपाल का रहने वाला था और कोरबा के गेवरा खदान क्षेत्र में स्थित एक निजी कॉलिंग कंपनी में कार्यरत था। वह खदान में 22 नंबर मेस में निवास करता था। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजन खदान में कार्य के दौरान ड्रिल मशीन के पास खड़ा था, तभी चालक ने वाहन को पीछे करने की कोशिश की, लेकिन पीछे देखने की जहमत नहीं उठाई और सीधे हेल्पर को रौंद दिया।
हादसे के तुरंत बाद राजन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस और खदान प्रबंधन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद श्रमिकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने ड्रिल मशीन चालक और कॉलिंग कंपनी की घोर लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण बताया है। मजदूरों का कहना है कि खदान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी आम बात है और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मजदूर संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए मांग की है कि दोषी चालक और संबंधित कंपनी पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिवार को समुचित मुआवजा और एक परिजन को नौकरी दी जाए।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और खदान प्रबंधन से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर रिपोर्ट तलब की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर खदानों में काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

