मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी के निर्देशानुसार “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत क्रेडा सीईओ श्री राजेश सिंह राणा ने 23 जुलाई 2025 को सरगुजा संभाग के अंबिकापुर एवं सूरजपुर जिलों में सौर संयंत्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विद्युतीकरण योजनाओं के अंतर्गत स्थापित संयंत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना एवं नागरिकों को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति देना रहा।

निरीक्षण की शुरुआत अंबिकापुर जिले के सितकालो गांव से हुई, जहां दुर्गेश सोलर द्वारा स्थापित 08 किलोवॉट ऑफ ग्रिड संयंत्र का निरीक्षण किया गया। संयंत्र से गांव में सफलतापूर्वक बिजली आपूर्ति हो रही थी और ग्रामीणों ने क्रेडा के कार्यों की सराहना की। वहीं खर्रापारा क्षेत्र में एक अकार्यशील संयंत्र की स्थिति पर श्री राणा ने तत्काल मरम्मत कर संयंत्र को कार्यशील करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद श्री राणा ने शासकीय अस्पताल में इलाज करवाकर सुबह पुनः दौरा शुरू किया, जो प्रेरणादायक मिसाल है। जल जीवन मिशन योजना के तहत खर्रापारा में स्थापित सोलर पेयजल संयंत्र में पानी लीक की समस्या पाई गई, जिस पर अधिकारियों को तुरंत सुधार करने को कहा गया।
सूरजपुर जिले के ओड़गी ब्लॉक स्थित चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के महारशॉप (पटेलपारा), करौटी (इमलीपारा व गुल्लादनपारा) एवं कोलहुआ (खसपारा-02) ग्रामों में स्थापित विभिन्न सौर संयंत्रों का निरीक्षण किया गया। ये संयंत्र ग्रामीणों को रात्रि में बिजली आपूर्ति में सहायक पाए गए और स्थानीय लोगों ने क्रेडा की प्रशंसा की।
निरीक्षण उपरांत सीईओ श्री राणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, सोलर हाईमास्ट व अन्य योजनाओं की परियोजनाओं को मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्राप्त समस्याओं की जानकारी तीन दिनों के भीतर मुख्यालय को भेजने के भी निर्देश दिए गए।

