झारखंड के देवघर में सावन माह के दौरान कांवर यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के साथ एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ है। मंगलवार तड़के सुबह 4.30 बजे के करीब एक निजी बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक की टक्कर में पांच कांवड़ियों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। यह घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमुनिया इलाके में घटी, जब बासुकीनाथ धाम की ओर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस तेज रफ्तार में ट्रक से टकरा गई।
देवघर के एसडीओ सदर रवि कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पहले ट्रक से टकराई और फिर एक ईंट के ढेर से जा भिड़ी। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चार अन्य श्रद्धालुओं की भी मृत्यु हो गई। कुल 23 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 9 की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स देवघर में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
दुमका जोन के इंस्पेक्टर जनरल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। जिला प्रशासन ने आस-पास के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। वहीं ट्रैफिक पुलिस एसपी लक्ष्मण प्रसाद ने भी मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
हादसे के बाद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर दावा किया है कि इस दुर्घटना में 18 कांवड़ियों की जान गई है। उन्होंने लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास के दौरान कांवर यात्रा करते समय बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई है। बाबा बैद्यनाथ जी मृतकों के परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।” हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों ने अब तक इस संख्या की पुष्टि नहीं की है।
देवघर में इन दिनों श्रावणी मेले की वजह से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सावन के इस पावन महीने में उत्तर भारत के कई राज्यों जैसे बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल से हजारों कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जल चढ़ाने आते हैं। ऐसे में यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का कारण बन गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में तेजी से जुटा हुआ है।

