मॉस्को/टोक्यो। रूस के सुदूर पूर्वी तट पर स्थित कामचटका प्रायद्वीप के पास बुधवार तड़के 8.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इस शक्तिशाली भूकंप का केंद्र समुद्र में था, जिसके बाद रूस, जापान, गुआम, अलास्का, हवाई और चिली सहित कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 8:25 बजे आया और इसके बाद धरती कई बार कांपी।
भूकंप के बाद रूस के कुरील द्वीप समूह और जापान के उत्तर पूर्वी क्षेत्र होक्काइडो के तटीय इलाकों में सुनामी की लहरें उठीं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, होक्काइडो के नेमुरो क्षेत्र में पहली लहर लगभग 30 सेंटीमीटर ऊंची थी। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि समुद्र में उठने वाली लहरें 1 से 3 मीटर ऊंची हो सकती हैं, जिससे तटीय इलाकों में भारी तबाही की आशंका बनी हुई है।
होनोलूलू में सायरन बजाकर लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने की सलाह दी गई। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने हवाई, जापान, चिली और सोलोमन द्वीप समूह के कुछ हिस्सों के लिए चेतावनी जारी की है। रूस और इक्वाडोर के तटीय इलाकों में तीन मीटर से भी ऊंची लहरें उठने की आशंका व्यक्त की गई है।
रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ के अनुसार, भूकंप के केंद्र के नजदीकी शहर पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की में लोगों में दहशत का माहौल है। भयभीत लोग बिना चप्पल और गर्म कपड़ों के सड़कों पर दौड़ते देखे गए। घरों की अलमारियां गिर गईं, कांच टूट गए और कई इमारतें बुरी तरह हिल गईं। कारें सड़क पर क्षतिग्रस्त हुईं और बिजली तथा मोबाइल सेवाएं ठप हो गईं। सखालिन द्वीप के कई इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है और आपातकालीन सेवाएं युद्ध स्तर पर राहत कार्य में लगी हैं।
स्थानीय प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। फिलहाल जान-माल की हानि की कोई पुख्ता सूचना नहीं है, लेकिन हालात की गंभीरता को देखते हुए सभी देशों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

