जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत पखनारचा गांव में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली विवाद के चलते एक महिला ने दूसरी महिला को डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा छा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पखनारचा निवासी महिला शांति कश्यप का गुरुवार रात किसी अन्य महिला से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी महिला ने आपा खो दिया और घर में रखे लकड़ी के डंडे से शांति कश्यप पर ताबड़तोड़ वार करने लगी। डंडे के लगातार प्रहार से शांति कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गई। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची परपा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाज) भेज दिया है। साथ ही, आरोपी महिला को भी कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
इस जघन्य वारदात को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने जानकारी दी कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों महिलाओं के बीच पूर्व से आपसी तनातनी थी। इसी तनाव ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
गांव के लोगों के अनुसार, आरोपी महिला पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से भी तनाव में दिख रही थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की है।
यह वारदात एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि घरेलू झगड़े और आपसी रंजिश किस हद तक हिंसक रूप ले सकते हैं। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों को शांतिपूर्वक सुलझाने और कानून का सहारा लेने की अपील की है।

