रायगढ़. रायगढ़ जिले में रक्षाबंधन के मौके पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनबोध तिग्गा के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी को मायके छोड़ने गया था और वहीं रुकने के दौरान इस हादसे का शिकार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम डोलेसरा निवासी मनबोध तिग्गा शुक्रवार को अपनी पत्नी को उसके मायके ननसिया गांव छोड़ने गया था। अगले दिन रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण वह वहीं ठहर गया। शनिवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद सभी लोग घर में सो गए। रात के सन्नाटे में एक जहरीला सांप घर में घुस आया और सो रहे मनबोध को डस लिया।
रिश्तेदार विवेक उरांव के मुताबिक, शुरुआत में किसी को भी यह पता नहीं चला कि मनबोध को सांप ने काटा है। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में उसे रात में ही जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान मनबोध की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि घर में एक जहरीला सांप दिखाई भी दिया था, जिससे अंदेशा है कि उसी ने डसा था।
घटना की सूचना मिलने पर तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और रिपोर्ट आने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आगे की औपचारिक कार्रवाई कर रही है।
गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर है। रक्षाबंधन जैसे खुशियों भरे त्योहार के दिन परिवार में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में गांवों में सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के घरों में घुसने की घटनाएं आम हैं। ऐसे में सावधानी बरतना और समय रहते उपचार कराना बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सर्पदंश के मामलों में समय पर प्राथमिक उपचार और एंटी-वेनम इंजेक्शन बेहद जरूरी होता है। अगर सांप काटने के तुरंत बाद पीड़ित को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा दिया जाए, तो जान बचाई जा सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता इस तरह की घटनाओं को कम कर सकती है।

