बालोद. बालोद जिले के गुरुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब एक बेकाबू यात्री बस सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। हादसा नेशनल हाईवे-30 पर कोचवाही गांव के पास सुबह लगभग 4 बजे हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, यात्री बस (CG 19 F 2277) जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी। बस की चपेट में पास में खड़ा एक किसान का ट्रैक्टर भी आ गया, जिससे ट्रैक्टर को काफी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के समय बस में यात्री सवार थे, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना गुरुर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
दुकान और ट्रैक्टर दोनों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस बस चालक की तलाश में जुट गई है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक अंदाजे के अनुसार, नींद या लापरवाही के चलते बस बेकाबू हुई हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और रात के समय निगरानी बढ़ाने के लिए प्रशासन ठोस कदम उठाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

