गौरेला पेंड्रा मरवाही। जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरी कर राजस्थान से लौट रहा एक परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया जब अमरपुर–बसंतपुर मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में परिवार का मुखिया और उसका 10 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि पत्नी और बेटी को भी चोटें आई हैं। दोनों गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
मजदूरी कर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पसान निवासी करतार नायक अपने परिवार सहित राजस्थान में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था। कुछ दिनों पहले ही वह अपने परिवार के साथ ट्रेन से पेंड्रारोड़ स्टेशन लौटा था। स्टेशन से घर जाने के लिए वह अपने एक परिचित व्यक्ति की बाइक पर परिवार सहित सवार होकर कोरबा की ओर निकला। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
बस की टक्कर से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमरपुर–बसंतपुर मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही एक बस ने अचानक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क किनारे जा गिरी और परिवार के सभी सदस्य सड़क पर बिखर गए। करतार नायक और उसका 10 वर्षीय बेटा देवराज को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पत्नी और बेटी को भी चोटें लगी हैं।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेंड्रा पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पिता-पुत्र को गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है। वहीं पत्नी और बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी चालक की तलाश जारी है।
ग्रामीणों की नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं और पुलिस की पर्याप्त निगरानी नहीं रहती। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और रफ्तार पर नियंत्रण के लिए सख्ती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें।

