रायगढ़। जिले में बीती रात एक दंतैल हाथी ने राइस मिल में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। धर्मजयगढ़ वन मंडल के तराईमार क्षेत्र के अंतर्गत मेढरमार गांव में संचालित संजय राइस मिल के गेट को हाथी ने तोड़ दिया और अंदर घुसकर कई बोरी धान को खा लिया। इस घटना से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और पूरा गांव दहशत में आ गया।
तीन बार घुसा राइस मिल में
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हाथी सबसे पहले रात करीब 10 बजे आमगांव की दिशा से आकर राइस मिल में घुसा। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर बाद वह फिर से लौटा। दूसरी बार करीब 12 बजे और तीसरी बार सवा एक बजे हाथी ने फिर मिल में प्रवेश किया। हर बार उसने गेट तोड़ा और अंदर रखे धान की बोरियों को नुकसान पहुँचाया।
चावल खाया और फैलाया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने मिल में रखी कई बोरियों को फाड़ दिया और खूब चावल खाया। बाकी बोरियों को उसने इधर-उधर फैला दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हाथी मित्र दल मौके पर पहुँचा और हर बार हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, हाथी की बार-बार वापसी से कर्मचारी पूरी रात भयभीत रहे और कामकाज ठप हो गया।
हाथी मित्र दल की अपील
हाथी मित्र दल के सदस्यों ने ग्रामीणों और राइस मिल कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हाथी अक्सर भोजन और पानी की तलाश में बस्तियों की ओर आ जाते हैं। इसलिए ग्रामीणों को देर रात बाहर न निकलने और भोजन सामग्री को खुले में न रखने की हिदायत दी गई।
कर्मचारियों में दहशत
राइस मिल के कर्मचारियों का कहना है कि हाथी की हरकत से उन्हें काफी नुकसान झेलना पड़ा है। कई बोरी चावल खराब हो गई है और गेट को भी भारी नुकसान पहुँचा है। कर्मचारियों ने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
वन विभाग अलर्ट
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है और इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि हाथी को जंगल में रोकने और उसे गांवों से दूर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

