बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में रविवार तड़के पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक की हत्या से सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और 12 घंटे के भीतर ही अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी और मृतक पुजारी के बीच अवैध संबंध थे। इसी बात से नाराज होकर छह महीने पहले आरोपी और उसकी पत्नी का सामाजिक तलाक भी हो गया था। इस बैर को लेकर सुरेश ने हत्या की साजिश रची।
शनिवार रात उसने अपने साथियों हेमकुमार धुरी (26), धनराज बंदे (21) और मुकेश धुरी (23) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी मोटरसाइकिल की पूजा कराने के बहाने पुजारी को बाहर बुलाए और फिर ईंट व वाहन के सस्पेंशन पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा और थाना प्रभारी तखतपुर की टीम ने ACCU की मदद से मामले की तफ्तीश की। पुलिस की सक्रियता और रणनीति से महज 12 घंटे में हत्या का खुलासा हो गया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

