मैनपुरी जिले में सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती एक खौफनाक हत्या की वजह बन गई। फर्रुखाबाद जिले के जिठौली गांव की 52 वर्षीय रानी देवी की हत्या उसके आधी उम्र के प्रेमी ने कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
11 अगस्त की सुबह कोतवाली क्षेत्र के खरपरी रजबहा के पास महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला घोंटकर हत्या बताया गया। पुलिस जांच में जुटी थी कि सूचना पर 25 वर्षीय अरुण राजपूत, निवासी किशोरपुर, को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मृतका रानी देवी उसकी प्रेमिका थी और उसने ही उसकी हत्या की है।
करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी। रानी सोशल मीडिया पर खुद को जवान दिखाने के लिए फिल्टर का इस्तेमाल करती थी। तस्वीरें देखकर अरुण प्रभावित हुआ और संपर्क बढ़ाया। दो महीने पहले दोनों के बीच नंबर भी साझा हुए और प्रेम संबंध बनने लगे। कई बार आरोपी रानी से फर्रुखाबाद के होटल में भी मिला।
जांच में सामने आया कि अरुण रानी से करीब डेढ़ लाख रुपये ले चुका था। जब रानी ने रुपये लौटाने या शादी करने का दबाव बनाया, तो वह परेशान हो गया। रानी ने धमकी दी थी कि अगर शर्तें पूरी नहीं कीं तो उसे जेल जाना पड़ेगा। इसके बाद अरुण ने हत्या की साजिश रची।
10 अगस्त को उसने रानी को मिलने बुलाया। दोनों भांवत चौराहे से पैदल रजबहा की ओर गए। वहां बैठकर बातचीत के दौरान रानी ने फिर रुपये या शादी का मुद्दा उठाया। इसी बीच आरोपी ने पीछे से दुपट्टे का फंदा डालकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद कुछ देर वहीं रुका और रानी का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर चला गया। सिम कार्ड तोड़कर पानी में फेंक दिया ताकि पुलिस को सुराग न मिले।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी गुड़गांव में कैंटर चालक है। वह शुरुआत में रानी की असली उम्र से अनजान था। पहली मुलाकात में सच सामने आया, लेकिन रानी ने संबंध बनाए रखे। धीरे-धीरे आर्थिक लेनदेन भी बढ़ा। जब रानी ने शादी या रुपये लौटाने का दबाव डाला, तो यही शर्त उसकी जान ले बैठी।
सोशल मीडिया की चमक-दमक और फिल्टर की आड़ में पनपे इस रिश्ते ने आखिरकार एक महिला की जान ले ली और एक युवक को जेल पहुंचा दिया।


