घरघोड़ा. घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कटरापाली में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खेत के पास बनी झोपड़ी के पास खून से लथपथ लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान गांव के ही 55 वर्षीय नत्थू राम चौहान पिता टत्थू राम के रूप में हुई है। घटना स्थल पर खून के धब्बे और शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस मृतक के परिजनों और गांव के लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह और संभावित आरोपियों का सुराग मिल सके।
मृतक नत्थू राम का शव उसके अपने बाड़ी के पास बने बोरघर के पास मिला। सुबह जब ग्रामीणों ने लाश देखी तो तत्काल इसकी खबर पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। शव के पास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे स्पष्ट है कि वारदात सुबह-सुबह की गई होगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा, लेकिन प्रारंभिक जांच में इसे हत्या का मामला मानकर ही कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से नत्थू राम के आपसी संबंध, जमीन विवाद या किसी अन्य दुश्मनी की जानकारी जुटा रही है।
गांव में चर्चा है कि नत्थू राम के कुछ लोगों से पूर्व में विवाद भी हुए थे, हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर पहुंचने की स्थिति में नहीं है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य इकट्ठा किए हैं जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदात से लोग डरे हुए हैं और गांव में अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
नत्थू राम की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस डॉग स्क्वाड की मदद से संभावित रास्तों और संदिग्धों का सुराग तलाश रही है। इस बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जल्द ही इस रहस्यमयी हत्या से पर्दा उठाया जाएगा।

