छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार देर रात गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरुडांड में ग्रामीण तालाब की ओर जा रहे थे, तभी करीब साढ़े दस बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने भीड़ को रौंद डाला। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 22 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से एक दर्जन से ज्यादा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी टंकेश्वर यादव के अनुसार बोलेरो इतनी तेज गति में थी कि कई लोग हवा में उछल गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की जमकर पिटाई की, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो और चालक सुखसागर को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वाहन अंबिकापुर से कुनकुरी जा रहा था।
मृतकों और घायलों की सूची
हादसे में अरविंद केरकेट्टा (19), विपिन कुमार प्रजापति (17) और खिरोवती यादव (32) की जान चली गई। घायलों में फकीर यादव, नीलू यादव, निरंजन राम, संदीप यादव, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु और हेमानंद सहित 25 से अधिक लोग शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
घायलों को तुरंत बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा व टीम ने रातभर इलाज किया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा खुद पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
प्रशासन की सक्रियता
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक रायमुनि भगत देर रात अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशिमोहन सिंह ने भी घटनास्थल व अस्पताल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बताया कि अंबिकापुर भेजे गए घायलों की देखरेख के लिए मेडिकल टीम व नायब तहसीलदार को तैनात किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी शशिमोहन सिंह ने पुष्टि की कि बोलेरो और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा पूरे जिले के लिए गहरी त्रासदी बनकर सामने आया है। गणेश विसर्जन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और गांव में शोक का माहौल छा गया।


