बीजापुर जिले के भोपालपटनम स्थित आत्मानंद स्कूल में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने स्कूल में सेंध लगाकर प्रिंसिपल के कमरे को निशाना बनाया। चोरों ने कमरे के दरवाजे को लात मारकर तोड़ा। दरवाजा प्लाई का बना होने से वह आसानी से टूट गया, जबकि ताला जस का तस अपनी जगह पर लगा रहा। दरवाजे पर जूतों के निशान भी मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, चोर दो नग सीपीयू, एक डेस्कटॉप बैटरी, माउस और कीबोर्ड चोरी कर ले गए। चोरी गया सिस्टम प्रिंसिपल रूम में रखा था, जिसमें विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, फीस रिकार्ड और विभागीय पत्राचार की महत्वपूर्ण फाइलें सुरक्षित थीं। इनका चोरी होना शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में गंभीर बाधा उत्पन्न कर सकता है।
सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई है कि स्कूल में चार साल पहले ही DVR और केबलिंग का काम पूरा कर लिया गया था, लेकिन अब तक CCTV कैमरे नहीं लगाए गए। यदि कैमरे लगे होते तो चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो सकती थी और चोरों की पहचान करना आसान होता।
लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातें
नगर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बताया जा रहा है कि बीते दस दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी चोरी है। इससे पहले की घटना का खुलासा पुलिस कर चुकी है, लेकिन आत्मानंद स्कूल में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोग लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से दहशत में हैं।
पुलिस की कार्रवाई
भोपालपटनम थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि यह सुनियोजित वारदात है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने दावा किया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्कूल में हुई इस चोरी ने प्रशासन और शिक्षा विभाग की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। DVR और केबलिंग होते हुए भी CCTV कैमरों का न लगाया जाना गंभीर लापरवाही साबित हुई है। अब चोरों के हाथों में महत्वपूर्ण शैक्षणिक डेटा चला गया है, जिससे स्कूल के कार्य प्रभावित होंगे। लगातार हो रही चोरियों के बीच लोगों में भय का माहौल है और सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।


