कबीरधाम पुलिस की साइबर सेल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साइबर सेल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए 230 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस लौटा दिए। इन मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। अपने खोए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।
एसपी ने बताया जनता का विश्वास सबसे बड़ी उपलब्धि
कबीरधाम एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल चोरी हुए सामान को लौटाना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की मुस्कान पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है। यह पहल आगे भी लगातार जारी रहेगी। साइबर सेल आधुनिक तकनीक और संसाधनों का उपयोग कर गुमशुदा मोबाइल फोन खोजने में पूरी तरह सक्रिय है।
कैसे मिलता है गुम हुआ मोबाइल?
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन चोरी हो जाए या कहीं गुम हो जाए, तो वे तुरंत निकटतम थाने या साइबर सेल से संपर्क करें। शिकायत दर्ज करने पर एफआईआर नंबर अथवा शिकायत नंबर दिया जाता है। इसके बाद मोबाइल का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाता है और जैसे ही लोकेशन ट्रैक होती है, सूचना देकर फोन वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराई जाएगी, मोबाइल मिलने की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी।
लोगों ने जताया आभार
जिन नागरिकों को अपने गुम मोबाइल वापस मिले, उन्होंने कबीरधाम पुलिस और साइबर सेल के प्रयासों की सराहना की। उनका कहना था कि मोबाइल फोन केवल एक उपकरण नहीं है, बल्कि उसमें परिवार से जुड़े फोटो, जरूरी दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारियां होती हैं, जिन्हें वापस पाना राहत की बात है।


