बालोद। जिले के नर्राटोला गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे तीन चोरों में से एक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने आरोपी को रस्सी से बांधकर जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी ने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर इससे पहले चिखली गांव में भी चोरी की थी। चोरी के बाद तीनों ने 20 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण जंगल में गड्ढा खोदकर छिपा दिए थे।
जानकारी के अनुसार, नर्राटोला में तीन आरोपी एक घर में घुसकर पेटी तोड़कर 6 हजार रुपए चोरी कर रहे थे। तभी ग्रामीणों को आहट मिल गई। दो नाबालिग साथी बाइक से फरार हो गए, जबकि इरफान हुसैन, निवासी दल्लीराजहरा, को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 5 हजार रुपए बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि कुछ दिन पहले उन्होंने चिखली गांव में भी चोरी की थी। उन्होंने बताया कि चोरी का माल जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिया था। पुलिस ने वहां से सोने-चांदी के आभूषण और 1 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस ने इरफान हुसैन और दो नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा चोरी गिरोह पकड़ में आया है। पुलिस चोरी के अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।


