रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर का कोरबा कलेक्टर को हटाने के लिए चलाया गया अभियान नया मोड़ ले चुका है। इस मामले में अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्व प्रांत प्रचारक राजेंद्र जी भी कंवर के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि “कलेक्टर किसी बड़े व्यक्ति का दामाद है, इसलिए सरकार उसे नहीं हटा रही है।”
राजेंद्र जी का यह बयान सामने आने के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। बताया जाता है कि राजेंद्र जी कभी छत्तीसगढ़ में आरएसएस के प्रांत प्रचारक रहे हैं और रायपुर के वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर की रूपरेखा और निर्माण कार्य भी उनकी देखरेख में हुआ था। उनका सार्वजनिक रूप से किसी राजनीतिक मुद्दे पर बयान देना बेहद दुर्लभ माना जाता है।
इस पूरे घटनाक्रम पर जहां सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है, वहीं विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि “भाजपा में बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल के बाद ननकीराम कंवर तीसरे ऐसे नेता हैं, जो जनता के मुद्दों पर खुलकर सामने आए हैं। कांग्रेस कंवर के धरने का समर्थन करती है।”
बता दें कि ननकीराम कंवर ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री हाउस के बाहर धरने की घोषणा की थी। लेकिन रायपुर पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया और बाद में कुशाभाऊ ठाकरे परिसर लाया गया। यहां उनकी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव से मुलाकात हुई, जिन्होंने मांगों पर विचार का आश्वासन दिया। फिलहाल कंवर विधायक कॉलोनी रायपुर में डटे हुए हैं और आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।


