कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री क्षेत्र स्थित पुष्प पल्लव कॉलोनी में एक महिला की मौत से सनसनी फैल गई। मंजू राव (38 वर्ष) का शव उनके घर की खिड़की से चुनरी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए विस्तृत जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मंजू राव का विवाह सुनील राव से करीब 18 वर्ष पहले हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। सुनील ने बताया कि सोमवार रात सभी ने साथ में खाना खाया और टीवी देखा। इसके बाद मंजू अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब वह बच्चों के साथ कमरे में गए तो मंजू का शव खिड़की से लटका हुआ मिला। सुनील ने बताया कि उन्होंने तुरंत परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी और डॉक्टर को बुलाया, जिसने उसे मृत घोषित कर दिया। सुनील ने पत्नी के साथ किसी भी विवाद या तनाव से इनकार किया।
घटना की जानकारी रात में ही मंजू के परिजनों को खरसिया में मिली, जिसके बाद वे तुरंत कोरबा पहुंचे। मृतका की मां बिसुन भट्ट ने बताया कि मंजू की शादी 2007 में हुई थी और अब तक किसी प्रकार का वैवाहिक विवाद सामने नहीं आया था। उन्होंने कहा कि “मुझे समझ नहीं आता कि मेरी बेटी ने ऐसा कदम क्यों उठाया। रक्षाबंधन पर वह बच्चों के साथ खरसिया आई थी और बिल्कुल सामान्य लग रही थी।”
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत आत्महत्या है या कुछ और, इसकी जांच जारी है। मृतका के परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।


