भिलाई टाउनशिप में भीख मांगने के बहाने चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पिछले 15 दिनों में टाउनशिप में 7 ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। ताजा मामला सेक्टर 1, सड़क 11 का है, जहां एक पति-पत्नी और बच्चा भीख मांगने के बहाने घर में घुसकर चोरी कर गए। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि महिला और पुरुष लंबे समय तक घर के गेट पर खड़े रहे। जब घर में कोई नहीं दिखा, तो चोर ने दरवाजा धीरे से खोलकर अंदर प्रवेश किया और लैपटॉप चुराकर महिला के थैले में डाल दिया। सभी वहां से फरार हो गए।
मकान मालिक नागेश्वर राव शाम को घर पहुंचे तो लैपटॉप नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी और भट्टी थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी तरह सड़क 11 से एक अन्य बीएसपी कर्मी का आईफोन और दो अन्य लोगों के मोबाइल भी चोरी हो गए।
त्योहारी सीजन में इस तरह की वारदातें लगातार हो रही हैं, जिससे निवासियों में डर बढ़ा है और पुलिस की मुसीबत भी बढ़ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


