जशपुर। जशपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने ट्रक चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 अक्टूबर 2025 को सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के ग्राम आगडीह, नेशनल हाइवे-43 पर की गई।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रक क्रमांक RJ-09-GE-0124 को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक की ट्रॉली में भूसी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 426 कार्टूनों में 6300 बोतल (3825 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग ₹22,26,168 बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक रणवीर सिंह (42 वर्ष) और साथी जगदीप सिंह (30 वर्ष), दोनों निवासी तरनतारन, पंजाब को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक को रोहतक (हरियाणा) से रांची (झारखंड) तक लेकर जा रहे थे और उन्हें इसके लिए ₹50,000 की राशि दी गई थी। उनका दावा है कि उन्हें ट्रक में क्या माल है, इसकी जानकारी नहीं थी।
पुलिस को शक है कि यह गिरोह अंतर्राज्यीय शराब तस्करी सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है, जो अलग-अलग राज्यों में ड्राइवरों को पैसे का लालच देकर तस्करी करवाते हैं। अब तक जशपुर पुलिस ने ऐसे चार ट्रक पकड़े हैं, जिनसे कुल 24,440 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत ₹2 करोड़ से अधिक है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले की एंड-टू-एंड जांच जारी है और पुलिस को गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


