हल्द्वानी की कथित शुद्धिकरण घटना के विरोध में पत्थलगांव में कांग्रेस का जोरदार सत्याग्रह
विशाल मार्च में गूंजा सामाजिक समानता का संदेश, संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
पत्थलगांव। हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति वाले स्थल पर गंगाजल से कथित शुद्धिकरण किए जाने की घटना के विरोध में शुक्रवार को पत्थलगांव में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में शाम करीब 4:30 बजे विशाल मार्च और शांतिपूर्ण सत्याग्रह का आयोजन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
मार्च की शुरुआत हरियाणा सेवा सदन से हुई, जो बस स्टैंड चौक होते हुए इंदिरा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ नारे लगाते हुए संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया।
भेदभाव के खिलाफ कांग्रेस का कड़ा रुख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष यू.डी. मिंज ने कथित शुद्धिकरण की घटना को संविधान और सामाजिक समानता की भावना के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान देता है तथा किसी भी प्रकार का जातिगत भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रदेश कांग्रेस सचिव मनोज तिवारी ने कहा कि किसी स्थान को गंगाजल से शुद्ध करने का कथित प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक समरसता और संविधान की समानता की भावना पर सवाल खड़े करती हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस जाति अथवा सामाजिक पहचान के आधार पर होने वाले किसी भी भेदभाव को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
सत्याग्रह में प्रवक्ता हरगोविंद अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री पवन अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज सागर यादव, पूर्व जनपद अध्यक्ष सुकृति सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, नंदलाल यादव, महेंद्र अग्रवाल, एनएसयूआई अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।




