रायगढ़. शहर के सड़कों के किनारे ठेले और गुमटियों लगाने वाले लोगों की पहचान करके उनकी शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया गया है। उन्हें जेल कॉम्प्लेक्स के बगल में स्थित केलो ब्रिज के किनारे खाली जमीन पर जगह दी जा रही है। निगम ने शुक्रवार को जमीन की सफाई शुरू करा दी है। यहां पर 100 से ज्यादा ठेलो को शिफ्ट कराने का प्लान है। स्ट्रीट वेंडर्स के लिए विशेष तरह के ठेले बनाकर जिंदल कंपनी निगम को देगी। नदी के किनारे चौपाटी डेवपल करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बोईरदादर रोड पर पीएचई कार्यालय के बगल में निगम की खाली जमीन की फेंसिंग कराई गई है। वहां एसपी ऑफिस से लेकर लॉ कालेज के पास खाली जगहों पर भी गुमटी ठेले लगाने वालों को शिफ्ट किया जाएगा। पुरानी मरीन ड्राइव के पास फ्रूट्स मार्केट बनाया जाएगा।
यातायात व्यवस्था सुधारने की हो रही कवायद
ठेले और गुमटियों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस समस्या से निपटने और ठेले-गुमटियों के संचालक को रोजगार देने के उद्देश्य से उन्हें नई जगह पर धंधा करने का अवसर दिया जा रहा है।
वेंडर्स को शिफ्ट करने के साथ उन्हें कार्ड भी देंगे
”शहर में नाश्ता और खाने पीने के वेंडर्स, फ्रूटस दुकान संचालक और छोटे छोटे वेंडरों को अलग अलग जगहों पर शिफ्ट किया जाना है। इसके लिए जगह की पहचान करके निगम ने उसे अपने कब्जे में ले रहा है, ताकि फिर से उसमें अतिक्रमण ना हो जाए। इस पर काम शुरू हो गया है। त्योहारो के बाद उसे वेंडर्स को व्यवस्थित तरह से शिफ्टिंग कराएंगे। उन्हें वेंडर्स कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा। मेरिन ड्राइव में ज्यादा से ज्यादा दुकानों को शिफ्ट कराने की योजना है।”
-आशुतोष पांडेय, आयुक्त

