रायपुर. शहर के तीन सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम में तब्दील कर दिया गया है। इसके लिए राजातालाब स्थित बीपी पुजारी, शहीद स्मारक और आरडी तवारी स्कूल को चुना गया जो बच्चों की संख्या लगातार कम होने के कारण बंद होने की कगार में थे। अब हालत ये है कि यहां बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए ऊंची ऊंची सिफारिशें लगायी जा रही हैं।
राज्य स्थापना दिवस पर रविवार को शहर में 5 बड़ी सुविधाएं शुरू हो गईं। तीन सरकारी अंग्रेजी स्कूल भवन और बूढ़ातालाब का पहला फेज पूरा हो गया। जयस्तंभ चौक नए कलेवर तैयार हो गया। इसके अलावा मोतीबाग में प्ले जोन और जवाहर बाजार भी तैयार हो गया। मुख्यमंत्री ने रविवार को इन सभी सौगातों का औपचारिक उद्घाटन कर शहर को सौंपा। सरकारी अंग्रेजी स्कूल खोलने की घोषणा के साथ ही इसका इंतजार शुरू हो गया था। हालांकि प्रवेश की प्रारंभिक औपचारिकता पूरी कर ली गई, लेकिन भवन तैयार नहीं हुआ था। स्मार्ट सिटी और निगम के संयुक्त प्रोजेक्ट के तहत बीपी पुजारी स्कूल, आरडी तिवारी और शहीद स्मारक स्कूल को सरकारी अंग्रेजी स्कूल में तब्दील किया गया है। बूढ़ातालाब का प्रोजेक्ट 40 करोड़ का है। इसका पहला फेज पूरा हो गया है। हालांकि अगले सप्ताहभर यहां फिनिशिंग का काम चलेगा। इसके बाद ही लोगों को यहां प्रवेश दिया जाएगा। इसके साथ ही शहर को पहले स्मार्ट बाजार के रूप में जवाहर बाजार नए कलेवर में आकार ले चुका है। जयस्तंभ चौक का कायाकल्प कर दिया गया है। बूढ़ातालाब में बोटिंग इत्यादि की सुविधा अगले करीब 15 दिनों तक निशुल्क उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद इनका न्यूनतम शुल्क तय किया जाएगा। पहले फेज में यहां सिर्फ 12 करोड़ का काम हुआ है। अगले छह महीने में दूसरे फेज में यहां ढेर सारी अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके संचालन के लिए नगर निगम एक नोडल अधिकारी तय करेगा।
शहर का पहला स्मार्ट जवाहर बाजार
18 करोड़ की लागत से पुराने जवाहर बाजार को नए कलेवर के साथ शहर के पहले स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया गया है। ढाई से ज्यादा कार और सात सौ से अधिक मोटरसाइकिल की पार्किंग से मालवीय रोड में पार्किंग की बड़ी दिक्कत इससे दूर हो जाएगी। यहां पर ग्राउंड फ्लोर में 71 दुकानें बनाई गई हैं। इनमें से 67 दुकानें पुराने कारोबारियों को आबंटित की गई है।
मोतीबाग प्ले जोन
मोतीबाग में छोटे बच्चों के खेलने के लिए प्ले जोन तैयार किया गया है। यहां बच्चों के लिए खास तरह की फिसलपट्टी, सी-शॉ, झूले सहित कई सुविधाएं विकसित किए गए हैं। इसका भी लोकार्पण कर दिया गया है। रायपुर स्मार्ट सिटी ने जयस्तंभ चौक को भी नया रूप दिया है। जयस्तंभ के चारों ओर नई सर्किल तैयार की गई है, जिसमें मानिटर लगाया गया है।
इस मॉनीटर में दिनभर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और धरोहर से संबंधित वीडियो चलेंगे। इसके अलावा कलेक्टोरेट में मल्टीलेवल पार्किंग, कोतवाली थाना का भी जल्द लोकार्पण किया जाएगा। इनका निर्माण अभी अधूरा है। इस वजह से अभी लोकापर्ण नहीं किया जा सका।

