बाराद्वार. नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में इस समय 1 एवं 2 के सिक्के बंद होने की अफवाह से सिक्कों की एकाएक बढ़ोतरी हो गई है, जिससे लोगों को लेनदेन करने में परेशानियां हो रही है। सिक्के बंद होने की अफवाह के कारण सिक्के जल्दी खत्म करने के उद्देश्य से 1 एवं 2 के पांच एवं दस नग सिक्के को टेप से बांधकर बाजार में चलाया जा रहा है। छोटे फुटकर विक्रेताओं, ठेला व सब्जी वालों के पास अधिक 1 एवं 2 के सिक्के एकत्र हो जाने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनके पास भी चिल्हर एकत्र हो जा रहे हैं तो वे भी 1 एवं 2 सिक्के लेने में आनाकानी करते हैं। बैंकों एवं पोस्ट ऑफिस में भी एक लिमिट में ही सिक्के लिए जाते है, क्योंकि उनके पास भी बहुत अधिक सिक्के आ रहे हैं एवं ग्राहकों को दिए जाने पर ग्राहक सिक्के लेने से मना कर देते हैं। 29 अक्टूबर को भीम आर्मी द्वारा ग्राम डूमरपारा में फुटकर दुकानदारों द्वारा 1 एवं 2 के सिक्के को लेने से मना करने एवं भारतीय मुद्रा का अपमान करने संबंधी ज्ञापन बाराद्वार थाना प्रभारी को देते हुए कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी केके महतो ने बताया कि 1 एवं 2 के सिक्के बंद होने की किसी ने बाजार में अफवाह फैला दी है। 1 एवं 2 के सिक्के भारतीय मुद्रा हैं एवं भारतीय मुद्रा को किसी के द्वारा भी लेने से मना करने पर वह भारतीय मुद्रा का अनादर माना जाता है। सिक्के लेने से मना करने पर कार्रवाई की जाएगी।

