जांजगीर. शिवरीनारायण के एक व्यक्ति जिसका जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। उससे खुद को पत्रकार बताकर पांच हजार की मांग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक अन्य मामले में भी दो लोगों को पकड़ा है। टीआई एमएल शर्मा के अनुसार शिवरीनारायण के वार्ड नंबर 1 निवासी युवक मुकेश दास मानिकपुरी ने 23 अक्टूबर को लिखित शिकायत की थी कि तीन युवक सत्य ओमप्रकाश, शुभम कुमार और रवि यादव उसके पास आए और खुद को पत्रकार बताकर 5 हजार रुपए की मांग की। पुलिस के अनुसार मुकेश दास का रिश्तेदार से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है, उसी को लेकर खबरें छापने की धमकी देकर वसूली की जा रही थी। मुकेश ने दो हजार रुपए देने की भी जानकारी दी थी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 384, 34 में जुर्म दर्ज कर लिया।
सत्य ओमप्रकाश एक अन्य मामले में भी है आरोपी
टीआई एमएल शर्मा ने बताया कि इस मामले में आरोपी सत्य ओमप्रकाश एक अन्य मामले में भी आरोपी है। उसके और उसके दो अन्य साथियों शिवनारायण केंवट व रामनारायण केंवट के खिलाफ नगर की एक महिला ने घर घुसकर गाली गलौज व मारपीट करने की शिकायत की थी। पुलिस ने इस मामले में भी दो अन्य युवकों की गिरफ्तारी की है।

