रामानुजनगर. एक महीने पहले ही जेल से छूटकर घर पहुंचे आरोपी के पास से पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने रविवार को ग्राम भुनेश्वरपुर निवासी राजेंद्र साहू पुत्र सुपारी लाल साहू के घर में दबिश दी। इस दौरान पुलिस को आरोपी के घर से स्पास्मो कैप्सूल 3140, अल्फासेफ कैप्सूल 10800 बरामद हुए। इनकी कीमत 48252 रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपी के पास से बेची गई दवाइयों से मिले 13580 रुपए की नकदी भी बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी इससे पहले भी नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। हाल ही में एक महीने पहले वह जमानत पर रिहा होकर घर आया था।

