रायगढ़. क्षेत्र क्रमांक 16 खरसिया के जिला पंचायत सदस्य अवध पटेल पर नहरपाली निवासी सीताराम राठिया ने आदिवासी जमीन रजिस्ट्री कराने के बाद पैसे नहीं देने का आरोप लगाया है। सोमवार को मामले में सीताराम ने एसपी से भी मामले की लिखित शिकायत कर उक्त जमीन वापस दिलाने की मांग की है। शिकायतकर्ता सीताराम राठिया के अनुसार वर्तमान जिला पंचायत सदस्य अवध राम पटेल से स्वास्थ्य व आर्थिक स्थिति खराब होने पर 30 जून 2009 को 30 हजार रुपए 10 प्रतिशत ब्याज पर लिया था। ब्याज अधिक होने के कारण यह पैसे वह वापस नहीं लौटा पाया। इसलिए उसने अपने स्वामित्व की दो एकड़ आदिवासी जमीन का सौदा 20 लाख रुपए में सौदा किया था। संपत्ति आदिवासी थी, इसलिए इसकी रजिस्ट्री उन्होंने करीबी मुरा गांव निवासी जगन्नाथ सिदार के नाम पर कराई। उधार ली हुई राशि पर ब्याज जोड़कर ढाई लाख रुपए देना था। सौदे के बाद अवधराम पटेल ने उसकी पत्नी के नाम 2 लाख रुपए का चेक न देकर बिचौलिया जया चौहान का दिया। मौके पर सिर्फ उसे 10 हजार रुपए ही मिले। शेष 15 लाख 40 हजार रुपए उसे अब तक नहीं मिले हैं।
आरोप गंभीर, शिकायत की जांच होनी चाहिए
“मैने 2018 में पैसे उधार दिए थे, उसके बाद स्वयं उसने जमीन बेचने की बात कही थी। सौदे के अनुरूप पूरी कीमत उसे दी है। रही बात मुझपर आरोप की तो जमीन मैने नहीं ली है, और न ही मुझे उस संपत्ति का कोई लोभ है। फिलहाल आरोप गंभीर है इसलिए शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो दोषी है उसके खिलाफ कार्रवाई भी होनी चाहिए।”
-अवधराम पटेल, जिला पंचायत सदस्य खरसिया

