बलौदा. शहर में दिनदहाड़े बच्चे का अपहरण होने से सनसनी फैल गई थी पर पुलिस ने महज 13 घंटे में ही मस्तुरी थाना क्षेत्र स्थित देवगांव से बच्चे को सकुशल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना बलौदा नपं के वार्ड क्र. दो ठड़गाबहरा में सुबह 9.30 की है। बलौदा थाना में बच्चे के अपहरण की यह पहली घटना है। इसमें अपहरणकर्ता ने 5 लाख रुपए फिरौती भी मांगी थी। ठड़गाबहरा निवासी राजेंद्र कुमार कुर्रे मेनरोड में दुकान व घर बनाकर रहता है, राजेंद्र की 3 लड़कियां व एक लड़का है। बुधवार की सुबह राजेंद्र का तीसरे नंबर का लड़का अनुज 6 वर्ष दोस्त अभिषेक के साथ घर के चबूतरे में खेल रहा था। वहीं दुकान भी है जहां अनुज की मां भी थी, वह किसी काम से दो मिनट के लिए अंदर गई,तभी वहां नकाबपोश बाइक में पहुंचा और उसने अनुज को अपने पास बुलाकर कहा कि उसे उसके पापा कोल्ड ड्रिंक पिलाने के लिये बुला रहे हैं, तो अनुज उस युवक की बाइक में बैठ गया। युवक उसे ग्राम महुदा ब की ओर लेकर चला गया। अनुज के साथ खेल रहे उसके हम उम्र दोस्त ने ये बात परिजनों को बताई, तो परिजनों ने अनुज की खोजबीन प्रारंभ की। अभिषेक ने बाइक का कलर नीला बताया पर युवक के मुंह में गमछा बंधे होने के कारण उसे पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस को जानकारी मिली तो एसपी पारूल माथुर, एएसपी मधुलिका सिंह, एसडीओपी दिनेश्वरी नंद ,बलौदा टीआई विनोद मंडावी, टीआई जितेंद्र बंजारे घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि रोते हुए बच्चे को बाइक से ले जाते बाकुकुदा व हरहुली में देखा है। अपहरणकर्ताओं का कॉल ट्रेसकर पुलिस ने रात 10 बजे देगवा एक आरोपी राजा कुर्रे को गिरफ्तार कर बच्चे को देवगांव से बरामद कर लिया है।
पिता ने कहा: मेरी किसी से नहीं है दुश्मनी
बच्चे के पिता राजेंद्र का गल्ले किराना की दुकान है। घर में ही दुकान होने के साथ साथ गल्ले के समान का बाजार हाट भी करता है। राजेंद्र ने बताया कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है, तो फिर बच्चे को कोई अपहरण आरोपियों ने क्यों किया, यह वह बता नहीं सकता।
करीबी व्यक्ति पर शक
मामले में करीबी के शामिल होने का शक है। आरोपियों ने अपहरण के लिए वही समय चुना, जब पिता राजेंद्र कुमार कुर्रे का गल्ला किराना का सामान सप्लाई करने बलौदा गए थे। दुकान से मां अंदर गई तो नकाबपोश ने 2 बच्चों में से उसी को उठाया जिसे वह जान रहा था।
एसपी पारूल माथुर ने बताया कि अपहरणकर्ता ने बच्चे को छोड़ने के बदले में 5 लाख रुपए की मांग की थी। देर रात 10.30 बजे एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि एक आरोपी को देवगांव से पकड़ लिया गया है। बच्चा भी सकुशल बरामद हो गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

