रायगढ़. गुरुवार को जिले में 174 कोविड पॉजिटिव मिले हैं वहीं एक संक्रमित की मौत हुई है। 1764 लोगों के सैंपल लिए गए थे। अब जिले में 15 हजार मरीज हो गए हैं। जिले में पहला मरीज 18 मई को मिला था जिसके बाद संक्रमण खतरा लगातार बढ़ता गया और अब जिले में लगातार मरीज बढ़ते जा रहे हैं। कुल 15 हजार 6 कोरोना संक्रमितों में होम आइसोलेशन और हॉस्पिटल से 12 हजार 776 लोग ठीक हो चुके हैं। जिले में 706 बेड खाली हैं और ऑक्सीजन सप्लाई वाले 65 बेड खाली हैं। 614 लोग अभी हॉस्पिटल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को रायगढ़ शहर में सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं, धरमजयगढ़, सारंगढ़, बरमकेला, खरसिया में भी संक्रमण की रफ्तार तेज है। कोरोना से बुधवार की देर रात को एमसीएच हॉस्पिटल में सिंघनपुर निवासी 65 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई है। जिले में संक्रमण की दर अब भी 12 प्रतिशत तक है। जांच कम होने से मरीज कम मिलते हैं। बचाव के लिए मास्क, डिस्टेंसिंग और हाथ धोने जैसे दूसरे एहतियात का पालन करते रहें।

