चांपा. नगर का सदर बाजार पुरानी बस्ती है, लोग यहां आकर खरीदी करते है। यहां लोगों को हर चीज बड़े आसानी से उपलब्ध हो जाती है जिससे लोगों को कहीं और भटकना नही पड़ता है। पिछले पांच सालों में इस सदर बाजार को ग्रहण लग गया है, दुकानदार अपने सामानों को सड़क में ही रख देते हैं,जिसके कारण यातायात व्यवस्था बाधित रहती है तथा लोग अब यहां आने से कतराते हैं। लोगों ने सड़क को ही पार्किंग बना लिया है, लोग गाड़ी तो खरीद लिए हैं, लेकिन इनके पास गाड़ी रखने की जगह नहीं है। लोग अपने घरों के सामने ही गाड़ी खड़ी कर देते हैं, जिससे भी जाम लगा रहता है। अब जो बची जगह है उसमें कुछ दुकानदारों के द्वारा सड़क के बीच टेंट व गेट लगवा दिया गया है, जिससे सड़क और संकरी हो गई है। गेट लगाने की परंपरा भी अभी कुछ सालों से हुई है, अगर इसी बाजार के सभी दुकानदार अपने दुकान के सामने सभी अगर गेट लगा लेते हैं तो मोटर साइकिल का निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। त्योहारों के समय भीड़ ज्यादा होती है। लेकिन पुलिस व नगर पालिका किसी के द्वारा इन पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती है।
सड़क बनी पार्किंग के लिए जगह
जिस प्रकार से लोग अपने वाहन को घरों के सामने रखते हैं तो आने वाले सालों में यह सदर बाजार केवल पार्किंग स्थल बनकर ही रह जायेगा। इस अव्यवस्था को देखते हुए व्यापारी अब सदर बाजार से बाहर ही दुकान लगाने की तैयारी में लग गए हैं, लोग बाहर जमीन तलाश कर दुकानें बनवा रहे हैं। नगर में जिस प्रकार सड़कों को लोगों के द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा और प्रशासन के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं करना चिंता की बात है।

