रायगढ़. जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा बना हुआ है। थोड़ी राहत यह है कि, पिछले चार दिनों में सैंपलिंग बढ़ी है, लेकिन पॉजिटिव मरीजों की संख्या कम हो रही है। सितंबर के मध्य में संक्रमण की दर 16 प्रतिशत तक पहुंची। अक्टूबर के मध्य में कुछ दिन यह 18 प्रतिशत तक गई लेकिन नवंबर के शुरुआती 7 दिनों में पॉजिटिविटी रेट 10.28 फीसदी रह गई है। डॉक्टर इसे अच्छा संकेत और लोगों की जागरूकता का असर बता रहे हैं। साथ ही सावधान कर रहे हैं कि दशहरे के बाद अचानक मरीज बढ़े थे। दीवाली के दौरान अगर सावधानी बरती तो कोरोना पर काबू पाया जा सकेगा। जिले के कोविड अस्पतालों में मरीजों की संख्या कम होने के बावजूद ऑक्सीजन सिलेंडरों की खपत भी कम नहीं हुई है। एमसीएच कोविड हॉस्पिटल के प्रभारी डॉ वेद प्रकाश घिल्ले ने बताया कि सितंबर अक्टूबर में एमसीएच हॉस्पिटल में 25-30 गंभीर मरीज आते थे, अभी भी उतने मरीज हर रोज आ रहे हैं। लगातार हो रही मौतों के कारण प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। जिले में अब तक 166 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। रायपुर और दुर्ग जिले के बाद रायगढ़ कोरोना मौतों के मामले में तीसरे स्थान पर है। डॉक्टर डेथ ऑडिट कर कारणों का पता लगा रहे हैं। विभाग लोगों को लक्षण दिखने पर समय पर जांच कराने की सलाह दे रहा है।
ऑक्सीजन सिलेंडर के दो प्लांट तैयार कराए
त्योहार के बाद अचानक गंभीर स्थिति न हो इसलिए कलेक्टर भीम सिंह ने दो और ऑक्सीजन प्लांट्स शुरू कराए हैं। कलेक्टर ने कहा, न केवल रायगढ़ बल्कि जांजगीर और जशपुर को भी जरूरत पड़ने पर जिले से ऑक्सीजन सिलेंडर भेजे जा सकते हैं। पूंजीपथरा इंडस्ट्रियल पार्क के सिद्धी विनायक और जीएनएस गैसेस को भी गैस सिलेंडर तैयार करने के लिए कहा गया है। पहले जिंदल और गेरवानी स्थित विंध्याचल प्लांट से ऑक्सीजन गैस सिलेंडर लिया जाता था। रायगढ़ से जांजगीर और जशपुर के लिए सिलेंडर देने की तैयारी है।
189 पॉजिटिव मरीज मिले, एक ने गंवाई जान
रविवार को 189 कोरोना पॉजिटिव मिले। एक व्यक्ति की मौत हुई है। 1153 लोगों का सैंपल लिया गया था। शनिवार की रात को एमसीएच में 60 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिले में अब तक 15 हजार 518 मरीज मिल चुके हैं। अभी 2069 एक्टिव मरीज हैं, होम आइसोलेशन और हॉस्पिटल से 13284 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। रविवार को कुम्हारी से 9 मरीज मिले हैं वही खम्हार, नवगांव, एनटीपीसी लारा सहित शहरी इलाकों से भी मरीज मिले हैं। 621 मरीज हॉस्पिटल भर्ती है, 66 ऑक्सीजन बेड और एक आईसीयू बेड खाली है। 6 हजार 527 लोग अब तक हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके है।

