सरिया. मंगलवार को दिन 11 बजे के करीब सरिया रेलवे फाटक पर एक बड़ा हादसा होते होते टला। रेलवे गुमटी 20 बी/3टी के पास रेलवे फाटक को एक टेम्पाे द्वारा तोड़ दिया गया। इसके कारण फाटक के दोनों ओर सड़क में लंबी जाम लग गयी। बताया गया कि मालवाहक ट्रेन की आने की सूचना पर गेटमैन द्वारा रेलवे फाटक बंद किया जा रहा था, इसी दौरान हड़बड़ी में तेजी से आ रहे टेम्पाे ने रेलवे फाटक के बंबू को ठोकर मार दिया।
इसके कारण बंबू टूट गया व सरिया रांची दुमका मुख्य मार्ग में लगभग दो घंटे तक जाम रहा। घटना की वजह से वहां अफरा तफरी मचा रहा। घटनास्थल पर आरडीएच वैगन एवं स्टेशन के अधिकारी कर्मचारी पहुंचे। जहां पर घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे गेट को बनाया जा सका।
इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ। हालांकि इस दौरान गेटमैन द्वारा रेलवे सुरक्षा बल को इसकी सूचना नहीं दी गयी। जिसके कारण उक्त टेम्पाे चालक पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी। रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि इस संबंध में गेटमैन द्वारा उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई है।
साभार: दैनिक भास्कर

